भाजपा के कार्यकर्ता सह जमशेदपुर कोर्ट के अधिवक्ता प्रकाश यादव की मंगलवार रात बिरसानगर में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को प्रकाश यादव के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों से मुलाकात के बाद रघुवर दास ने कहा - यह बहुत दुखद है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। इसमें जो राजनीतिक संरक्षण देने वाले हैं, उनको भी बेनकाब करने की जरूरत है। जमशेदपुर के लिए यह चिंता का विषय है। मैं जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मांग करता हूं कि अविलंब 48 घंटे के अंदर अभियुक्त की गिरफ्तारी हो, वरना भारतीय जनता पार्टी इस लॉकडाउन का पालन करते हुए सड़क पर उतरेगी और आंदोलन करेगी। इधर, जमशेदपुर कोर्ट के अधिवक्ताओं ने भी 24 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
रघुवर दास ने कहा - प्रकाश यादव के परिजनों ने जिस अभियुक्त का नाम लिया, वो भू-माफिया पूरे बिरसा नगर में विख्यात है। इन भू-माफियाओं के संरक्षण से इस बार चुनाव में एक निर्दलीय उम्मीदवार ने चुनाव भी जीता। वो इस क्षेत्र में आंतक का शासन चाहते हैं। ताकि उनके खिलाफ कोई आवाज ना उठा सके। उन्होंने कहा - जिनकी हत्या हुई, उनके द्वारा ट्वीट के माध्यम से सीएम, एसडीओ और थाना को लिखित आवेदन देने के बाद भी जिला प्रशासन ने उसे कोई सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई। आज वह हम सबके बीच नहीं रहे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने जमीन माफिया के खिलाफ आवाज उठाने वाले भाजपा नेता व अधिवक्ता प्रकाश यादव की हत्या के मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाकर जनता की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। जमशेदपुर में एक और भाजपा कार्यकर्ता प्रकाश यादव की हत्या कर दी गई, जिसने सरकार से संरक्षण प्राप्त भू-माफियाओं के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी थी। इस दुःख की घड़ी में झारखंड भाजपा प्रकाश यादव के परिवार के साथ खड़ी है।
No comments:
Post a Comment