शहीद कुंदन ओझा और गणेश हांसदा के अंतिम दर्शन के लिए सड़क और छतों पर जुटी भीड़ भारत माता की जय और हिंदुस्तान जिंदाबाद के लगे नारे
साहेबगंज के शहीद कुंदन कुमार ओझा के अंतिम यात्रा में 12 किलोमीटर तक लोग भारत माता की जय के नारे लगाते रहे। इस दौरान शहीद के अंतिम दर्शन के लिए लोग सड़क किनारे, घरों के बाहर और छतों पर जुटे रहे। पूरे 12 किलोमीटर तक हिंदुस्तान जिंदाबाद, कुंदन कुमार ओझा अमर रहे के नारे लगे। इस दौरान चीन मुर्दाबाद के भी नारे लगाए गए। उधर, गंगा घाट पर शमशान के किनारे अंतिम यात्रा के पहुंचने से पहले सैंकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। लोग शमशान घाट पर बने शेड के ऊपर चढ़कर बैठे रहे।
शमशान पर जुटे लोगों के हाथों में तिरंगा दिखा। अंतिम यात्रा निकलने से पहले गंगा घाट पर सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया था। साथ ही प्रशासन के लोग भी यहां मौजूद रहे। शमशान घाट पर अंतिम यात्रा के पहुंचने के बाद शहीद कुंदन ओझा को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उधर, बहरागोड़ा प्रखंड के शहीद गणेश हांसदा (21) का उनके गांव कोसाफालिया मे घर के पास ही खुद की जमीन पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। गणेश के बड़े भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान गणेश हांसदा को अंतिम सलामी दी गई। साथ ही सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले शहीद का पार्थिव शरीर रांची के नामकुम से शुक्रवार सुबह हेलिकॉप्टर के जरिए उनके पैतृक गांव लाया गया। शहीद के पार्थिव शरीर के आने की सूचना के बाद शुक्रवार सुबह से ही यहां लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सभी लोग भारत माता की जय, गणेश हांसदा अमर रहे का नारा लगाते रहे।
No comments:
Post a Comment